CRIME BORDER | 13 November 2026 | 09:33 AM
रचनाकार : डॉ. राजकुमार एम. कोल्हे
दुनिया की सरकारों का भी कैसा अजीब विधान है,
एक हाथ से ज़हर बाँटती हैं, दूसरे हाथ में जीवनदान है।
नशे के व्यापार को लाइसेंस, प्रदूषण को खुली छूट मिलती है,
फिर बीमारियों से लड़ने के लिए, नई-नई मुहिम चलती है।.........
शराब की दुकानों पर अनुमति, तंबाकू को व्यापार बनाते हैं,
धुएँ से आसमान भरकर, स्वच्छ हवा के नारे लगाते हैं।
नदियों में ज़हर घोलकर भी, जल संरक्षण समझाते हैं, बेजुबान जानवरों की बलि देकर, धर्म की दुहाई देते हैं,
मौत बेचने वाले को छूट देकर, जीवन बचाने आते हैं।.......
कितना विचित्र है यह संसार, कैसी उलझी हुई कहानी है,
पहले बीमारी के बीज बोते हैं, फिर उपचार की तैयारी है।
एक ओर मुनाफे की खातिर, इंसान की साँसें बिकती हैं,
दूसरी ओर अस्पतालों में, जीवन की कीमत चुकती है।........
बच्चों के हाथों में पुस्तक हो, नशे का कोई प्याला नहीं,
हवा में खुशबू हो फूलों की, धुएँ का कोई जाला नहीं।
नदियाँ निर्मल, धरती हरित हो, हर घर में स्वास्थ्य का वास हो,
नीतियों का उद्देश्य केवल, मानव जीवन का विकास हो।.........
सरकारों से प्रश्न यही है, उन्नती का अर्थ समझाइए,
राजस्व से बढ़कर मानवता है, यह सच कब अपनाइए?
जिस चीज़ से जीवन मिटता हो, उसे बढ़ावा क्यों मिलता है?
मौत को रोकने का अभियान, मौत के कारोबार से क्यों चलता है?..........
अब संकल्प करें, सोच और व्यवस्था बदलेंगे,
लाभ नहीं, मानव जीवन को विकास का आधार बनाएँगे।
कानून वही सार्थक होगा, जो जीवन का सम्मान करे,
सच्ची सरकार वही होगी, जो बीमारी नहीं, बचाव का काम करे।........
सवाल केवल सरकारों का नहीं, हमारी आने वाली पीढ़ियों का है,
सवाल केवल आज की साँसों का नहीं, आने वाले कल के जीवन का है।
धन से बड़ा जीवन है, व्यापार से बड़ी इंसानियत,
और किसी भी राष्ट्र की असली संपत्ति है—उसके नागरिकों की सेहत!.........
रचनाकार : डॉ. राजकुमार एम. कोल्हे