CRIME BORDER | 26 December 2025 | 10:11 AM
चंडीगढ़ : आईपीएस वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में सुसाइड नोट के आधार पर सभी अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आईएएस अमनीत पी कुमार ने कल चंडीगढ़ के थाने में सुसाइड नोट देते हुए शिकायत की थी.
चंडीगढ़ पुलिस ने एफआईआर की पुष्टि की : चंडीगढ़ पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में एफआईआर दर्ज हुई है. चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि पुलिस स्टेशन सेक्टर 11, यूटी चंडीगढ़ में धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) बीएनएस और 3(1)(आर) पीओए (एससी/एसटी) अधिनियम के तहत वाई पूरन कुमार के फाइनल नोट में जिक्र किए गए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 156 दर्ज की गई है. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस संबंध में आगे की जांच जारी है और मामले के तथ्यों की गहराई से पड़ताल की जा रही है. चंडीगढ़ पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
डीजीपी, रोहतक एसपी के खिलाफ शिकायत : आईपीएस वाई पूरन कुमार की आईएएस पत्नी अमनीत पी. कुमार ने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारणिया पर अपने आईपीएस पति वाई. पूरन कुमार को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-11 थाने में बुधवार को शिकायत दर्ज कराई थी. अमनीत पी. कुमार ने अपनी शिकायत में पति के आठ पन्नों के सुसाइड नोट का हवाला देते हुए उत्पीड़न, जातिगत भेदभाव और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश करने का आरोप लगाया गया है. उन्होंने धारा 108 बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है.
"पति के खिलाफ सोची समझी साजिश" : अमनीत पी. कुमार ने शिकायत में लिखा था कि " सीएम के साथ जापान दौरा बीच में छोड़कर जब वे घर पहुंचीं तो उन्हें अपने पति के अलमारी में रखे लैपटॉप बैग में आठ पन्नों के सुसाइड नोट की दूसरी कॉपी मिली है, जिसमें उन्होंने अपना पूरा दर्द बयां किया है. उनके पति को SC/ST समुदाय से होने के कारण जातिसूचक गालियां दी गईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित तक किया गया. आगे उन्होंने कहा है कि उनके पति की मौत से पहले डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर के कहने पर रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने उनके खिलाफ रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में झूठा केस एफआईआर नंबर 0319/2025 दर्ज किया जो कि एक सोची-समझी साजिश थी. एफआईआर दर्ज होने के बाद उनके पति ने डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया से बात तक करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने इस बारे में बात तक करने से मना कर दिया. इसी के चलते उनके पति ने परेशान होकर आत्महत्या कर ली." sabhar By ETV Bharat Haryana Team